मेरठ नगर निगम कार्यालय में गोलीबारी मामले में भाजपा पार्षद समेत तीन गिरफ्तार

Ankit
3 Min Read


मेरठ (उप्र), 11 अप्रैल (भाषा) मेरठ के सूरजकुंड स्थित नगर निगम कार्यालय में हुई गोलीबारी के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


पुलिस के अनुसार, मामले में भाजपा पार्षद रवींद्र कुमार और दो अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

निगमकर्मी पर हमले के मामले में नगर निगम कर्मचारी संघ के महामंत्री आलोक शर्मा और सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष विनेश मनोठिया ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था। लेकिन, पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की सूचना दिए जाने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई।

अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद निगम कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 अप्रैल को उस समय हुई जब इंचौली थाना के लावड़ निवासी शिकायतकर्ता अविनाश नगर निगम कार्यालय में अपने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ कार्य कर रहे थे तभी करीब 15 से 20 लोगों ने कार्यालय में लाठी-डंडों, धारदार हथियारों से हमला किया और गोलीबारी की।

गोली लगने से शिकायतकर्ता के बाएं पैर में चोट लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मामले में पुलिस ने थाना सिविल लाइंस में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए टीम गठित की।

गठित टीम ने घटना स्थल से आरोपी भाजपा पार्षद रविन्द्र कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपी अखिल डागर तथा अंकुश शर्मा उर्फ विनित को मुखबिर की सूचना पर किला रोड, मिलिट्री फार्म के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, एक 7.65 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन, पांच कारतूस और पांच खोल बरामद किए। अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।

भाषा सं आनन्द खारी

खारी



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *