चेन्नई, 19 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन ने राज्यगान के मुद्दे पर राज्यपाल आर. एन. रवि को निशाना बनाने के लिए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की शनिवार को आलोचना की और दावा किया कि इस ‘चूक’ के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने राज्य सरकार पर 15 अक्टूबर को बाढ़ की समस्या से लोगों का ध्यान हटाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री मुरुगन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्यगान गाते समय एक पंक्ति छूट जाने की चूक के लिए राज्यपाल को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है? यह किसी के साथ भी हो सकता है, यहां तक कि मेरे साथ भी।’’
शुक्रवार शाम को दूरदर्शन के तमिल कार्यालय में आयोजित हिंदी माह के समापन समारोह में ‘तमिल थाई वल्थु’ गान प्रस्तुत करते समय राज्यगान गा रहे समूह ने अनजाने में एक पंक्ति छोड़ दी। इस समारोह में राज्यपाल भी शामिल हुए थे।
दूरदर्शन केंद्र ने इस संबंध में स्पष्टीकरण देते हुए माफी मांगी थी।
मुरुगन ने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार राजनीति में लिप्त है और भाषा के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है।
मंत्री ने कहा, ‘‘द्रमुक के लिए राजनीति करने का यह 1960 का दौर नहीं है। लोग अच्छी तरह से जागरूक हैं और ऐसा नहीं होने देंगे।’’
उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ सरकार से विकास कार्यों में शामिल होने का आह्वान किया।
भाषा देवेंद्र पवनेश
पवनेश