महाराष्ट्र:भाजपा को सबसे अधिक 26.77 प्रतिशत वोट, राकांपा (एसपी) को राकांपा से अधिक वोट मिले

Ankit
2 Min Read


मुंबई, 24 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा ने सबसे अधिक 26.77 प्रतिशत वोट हासिल किया है। पार्टी ने 149 सीटों पर चुनाव लड़कर 132 सीटें जीतीं और 17,293,650 वोट हासिल किए। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।


हालिया महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाजपा का 132 सीटें जीतना 100 सीटों का आंकड़ा पार करने की ‘हैट्रिक’ है। पार्टी ने 2014 के विधानसभा चुनावों में 122 सीटें और 2019 के चुनावों में 105 सीटें जीती थीं।

महाराष्ट्र विधानसभा में 101 सीटों पर लड़ी कांग्रेस ने केवल 16 सीटें जीतीं और 12.42 वोट प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रही। पार्टी को 8,020,921 वोट मिले।

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 81 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से 57 सीटों पर जीत दर्ज की और 12.38 प्रतिशत वोट हासिल किये।

दिलचस्प बात यह है कि कम सीटें हासिल करने वाली शरद पवार नीत राकांपा (शरदचंद्र पवार) को अजित पवार नीत राकांपा से अधिक वोट मिले।

राकांपा (एसपी) ने 86 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन 11.28 प्रतिशत वोट के साथ केवल 10 सीटें ही जीत पाई। इसके विपरीत, अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने 59 सीटों पर चुनाव लड़कर 41 सीटें जीतीं, और 9.01 प्रतिशत वोट हासिल किये।

उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उबाठा) ने 20 सीटें जीतीं और पार्टी को 9.96 प्रतिशत वोट मिले।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, 20 नवंबर को हुए राज्य विधानसभा चुनावों में 66.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2019 में 61.1 प्रतिशत था।

भाषा शफीक नरेश

नरेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *