प्रयागराज (उप्र), 11 फरवरी (भाषा) जिले के उतरांव थाना अंतर्गत नागनाथपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास मंगलवार को महाकुंभ में स्नान करने जा रहीं तीन श्रद्धालुओं की अज्ञात वाहन से कुचलने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उतरांव थाने के थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि नागनाथपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह साढ़े पांच बजे एक पेट्रोल पंप पर बस रोक दी गई जिसमें से कई श्रद्धालु नीचे उतर गए। इसी दौरान तीन महिलाएं सड़क पर बने डिवाइडर के पास चली गईं।
त्रिपाठी ने बताया कि तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने इन महिलाओं को टक्कर मार दी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल ले जाते समय तीनों की मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान जगोरी महतो (45), कुंती महतो (70) और अल्पना महतो (47) के रूप में हुई है। बस सवार पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से महाकुंभ में स्नान के लिए आ रहे थे।
भाषा राजेंद्र
प्रशांत
प्रशांत