कोलकाता, 21 दिसंबर (भाषा) मणिपुर सरकार की परामर्शदात्री समिति के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल कोनसम हिमालय सिंह (सेवानिवृत्त) ने शनिवार को कहा कि संघर्षग्रस्त राज्य में चुनौतियों के समाधान के लिहाज से राजनीतिक वार्ता अहम है।
करगिल युद्ध के नायक और भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल के पद तक पहुंचने वाले पूर्वोत्तर के पहले सैन्य अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि स्थिति से निपटने में शासन संबंधी मुद्दे और समानता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
यहां एक संगोष्ठी में सिंह ने कहा कि आगे का रास्ता ‘राजनीतिक संवाद’ है और साथ ही लेन-देन के माध्यम से समझौता भी है।
सिंह ने 1999 में करगिल युद्ध में एक साहसिक अभियान के तहत प्वाइंट 5770 पर पुनः कब्जा करने वाली बटालियन की कमान संभाली थी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह राजनीतिक समझौता और चीजों को हल करने के राजनीतिक तरीके के बारे में है क्योंकि मेरा मानना है कि मुद्दों को हल करने का सैन्य तरीका काम नहीं आया है।’’
भाषा
शुभम संतोष
संतोष