भीड़ को कम करने के लिए प्रयागराज जाने वाले वाहनों को मध्यप्रदेश में रोका गया |

Ankit
4 Min Read


भोपाल, आठ फरवरी (भाषा) भारी यातायात के कारण और अत्यधिक भीड़ होने से रोकने के लिए प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ में जाने वाले सैकड़ों वाहनों को मध्यप्रदेश में रोक दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।


अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर स्थानीय यातायात पुलिस ने यात्रियों से वापस लौटने का अनुरोध भी किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात से उत्तर की ओर जाने वाले वाहनों को उत्तर प्रदेश के अधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है। इन अधिकतर वाहनों में श्रद्धालु हैं।

महाराष्ट्र और दक्षिणी राज्यों से आने वाले अधिकांश वाहन सुबह से ही कटनी, मैहर और रीवा जिलों में फंसे हुए हैं।

रीवा रेंज के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) साकेत प्रकाश पांडे ने बताया कि वाहनों को चाकघाट पर रोका जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन में प्रयागराज जाने वाले वाहनों की संख्या में वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस यातायात को सुव्यवस्थित करने की कोशिश कर रही है और प्रयागराज प्रशासन से हरी झंडी मिलने के बाद उन्हें एक-एक करके गुजरने की अनुमति दे रही है।

डीआईजी ने बताया कि प्रयागराज के रास्ते में लोग गलत दिशा से भी वाहन चला रहे हैं।

महाराष्ट्र के नागपुर निवासी विशाल शर्मा ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि उन्होंने शनिवार सुबह यात्रा शुरू की, लेकिन मैहर में उन्हें ढाई घंटे से अधिक समय तक भारी जाम का सामना करना पड़ा, जबकि कटनी में भी जाम लगा रहा।

नागपुर के ही देवीदास पटोले ने कहा कि यातायात जाम में फंसे लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था अच्छी है और लोगों को सरकार का सहयोग करना चाहिए।

कटनी में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर वाहनों को रोक दिया गया।

जिला यातायात पुलिस प्रभारी राहुल पांडे ने कहा कि यातायात कम होने के बाद ही उन्हें गुजरने दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कटनी से प्रयागराज तक 250 किलोमीटर लंबे मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर यातायात जाम है और फंसे हुए यात्रियों से वापस लौटने का अनुरोध किया जा रहा है।

मैहर के तहसीलदार प्रेमलाल चौधरी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि 100-200 के जत्थों में वाहनों को छोड़ा जा रहा है।

मैहर के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राजीव पाठक ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रयागराज जाने वाले वाहनों को शनिवार सुबह से ही रोक दिया गया है।

अमरपाटन (मैहर जिला) थाना प्रभारी के पी त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर खरमसेडा में वाहनों को रोका गया, जहां तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है।

सतना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवेश ने बताया कि मैहर-चित्रकूट मार्ग पर बड़ी संख्या में वाहन जा रहे हैं और स्थानीय पुलिस थानों को निर्देश दिया गया है कि वे सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जब भी आवश्यक हो, वाहनों को रोकें।

भाषा दिमो सिम्मी

सिम्मी



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *