न्यूयॉर्क, 21 अक्टूबर (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि भारत वृद्धि की राह पर आगे बढ़ने को तैयार है और 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
इस समय भारत 3,900 अरब अमेरिकी डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद के साथ दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
वित्त मंत्री ने दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े शेयर बाजार न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में ‘भारत में निवेश के अवसर’ पर गोलमेज सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत वृद्धि की राह पर आगे बढ़ने को तैयार है और वैश्विक वृद्धि में अपना योगदान काफी हद तक बढ़ाएगा।
सीतारमण ने कहा कि मौजूदा दर से भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में 11 भारतीय कंपनियां सूचीबद्ध हैं।
वित्त मंत्रालय ने एक्स पर लिखा कि गोलमेज सम्मेलन में अमेरिका के विभिन्न पेंशन फंड और अन्य संस्थागत निवेशकों और फंड मैनेजरों ने भाग लिया।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय