नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) भारत के नितिन गुप्ता और तन्नु ने बुधवार को सऊदी अरब के दम्मम में छठी एशियाई अंडर-18 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की अपनी-अपनी स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किये।
गुप्ता ने 5000 मीटर पैदल चाल जबकि तन्नु ने महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में 57.63 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। जापान की इमैनी साकी ने 57.27 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन की डेंग नानक्सी ने 58.01 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक अपने नाम करने में सफल रही। इस स्पर्धा में अन्य भारतीय एडविना जेसन 58.46 सेकंड का समय लेकर पांचवें स्थान पर रहीं। गुप्ता ने 20 मिनट 21.51 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। चीन के झू निंगहाओ ने 20:21.50 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।
चीनी ताइपे के शेंग किन लो ने 21:37.88 सेकेंड के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
सत्रह वर्षीय गुप्ता ने पिछले महीने पटना में राष्ट्रीय युवा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान 19:24.48 सेकेंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
भारतीय एथलीट अन्य स्पर्धाओं जैसे चक्का फेंक, लंबी कूद और लड़के एवं लड़कियों दोनों के 100 मीटर दौड़ में भी प्रतिस्पर्धा करते दिखेंगे।
भाषा आनन्द
आनन्द