भारत की आधिकारिक यात्रा की योजना बना रहे महाराजा चार्ल्स : मीडिया रिपोर्ट |

Ankit
2 Min Read


(अदिति खन्ना)


लंदन, 23 नवंबर (भाषा) ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स तृतीय निकट भविष्य में भारत की आधिकारिक यात्रा की योजना बना रहे हैं। मीडिया में आई खबर में यह जानकारी दी गई है।

‘डेली मिरर’ की खबर के मुताबिक, इस यात्रा में उपमहाद्वीप के दौरे के हिस्से के रूप में पाकिस्तान और बांग्लादेश का पड़ाव भी शामिल होगा, जिसे सितंबर 2022 में उनकी मां महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद स्थगित कर दिया गया था।

महाराजा चार्ल्स (76) और उनकी पत्नी महारानी कैमिला पिछले महीने बेंगलुरु के एक ‘वेलनेस रिसॉर्ट’ में एक निजी यात्रा पर भारत आये थे।

अखबार ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि महाराजा चार्ल्स और महारानी कैमिला भारतीय उपमहाद्वीप की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, जो विश्व मंच पर ब्रिटेन के लिए बहुत बड़ा राजनीतिक और सांस्कृतिक महत्व रखेगा।

अखबार ने लिखा, ‘‘विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को शाही परिवार की यात्राओं के लिए संभावित मेजबान देशों के साथ चर्चा शुरू करने की हरी झंडी दे दी गई है तथा भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के दौरे के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। समझा जाता है कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराजा चार्ल्स और महारानी कैमिला की मेजबानी करने की इच्छा जताई है, क्योंकि पिछली बार उन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।’’

दंपति की भारत की अंतिम आधिकारिक यात्रा 2019 में हुई थी, जब चार्ल्स प्रिंस ऑफ वेल्स थे।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *