मुंबई, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र में भातीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धस के करीबी सहयोगी सतीश भोसले उर्फ खोक्या को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार सुबह बीड लाया गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में भोसले को हिरासत में लेने वाली बीड पुलिस की एक टीम सुबह छत्रपति संभाजीनगर हवाई अड्डे पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भोसले को सड़क मार्ग से बीड ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सा जांच के बाद उसे शिरूर अदालत में पेश किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीड पुलिस ने भोसले के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तीन मामले दर्ज किये हैं।
प्राधिकारियों ने बृहस्पतिवार को शिरूर स्थित उसके आवास को ध्वस्त कर दिया, जिसके बारे में उनका कहना था कि यह वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था।
अधिकारी ने बताया कि आपराधिक मामलों के अलावा, भोसले पर वन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है।
भाषा देवेंद्र हक
हक