मुंबई, 27 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तोड़फोड़ और गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने के आरोप में कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट की बेटी और कई लोगों के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
थोराट की बेटी जयश्री थोराट और उनके समर्थकों ने शनिवार को जिले के संगमनेर इलाके में भाजपा नेता वसंतराव देशमुख के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी के लिए भाजपा नेता के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।
संगमनेर सिटी थाने के अधिकारी ने बताया कि जयश्री, 24 नामजद और 20 से 25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने एक मुकदमे का हवाला देते हुए बताया कि आरोपियों ने भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन के नेताओं के वाहनों पर कथित रूप से हमला किया और उनमें आग लगाने की कोशिश की।
दूसरी प्राथमिकी के अनुसार, लोग अवैध रूप से एकत्र हुए और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर लागू आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया।
थोराट के लंबे समय से विरोधी रहे देशमुख ने शुक्रवार को संगमनेर में भाजपा नेता सुजय विखे पाटिल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में जयश्री के खिलाफ कथित टिप्पणी की जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।
इस बीच एक अधिकारी ने बताया कि जयश्री, पूर्व विधान परिषद सदस्य सुधीर तांबे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर तब तक विरोध प्रदर्शन किया जब तक कि देशमुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
अधिकारी ने बताया कि देशमुख फरार हैं।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश