बागपत, 27 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक तेंदुए को कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को पकड़ लिया गया।
प्रभागीय वन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय से बड़ौत क्षेत्र के बरनावा गांव में एक तेंदुए की मौजूदगी की खबरें मिल रही थीं। उसे पकड़ने के लिये गांव से सटे गन्ने के एक खेत में एक यंत्र लगाया गया था। शनिवार रात तेंदुए का एक पैर उसमें फंस गया। आज सुबह छह बजे एक युवक ने तेंदुए को गुर्राते हुए देखा तो शोर मचाया। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइजर गन से इजेंक्शन देकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया तो तेंदुआ अपना पैर छुड़ाकर कब्रिस्तान में घुस गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम उसे पकड़ने में सफल हो सकी।
कुमार ने बताया कि तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ है। उसे शिवालिक की पहाड़ियों के जंगल में छोड़ा जाएगा।
भाषा
सं, सलीम, रवि कांत रवि कांत