प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया की यात्रा पूरी करके जी20 शिखर सम्मेलन के लिए ब्राजील रवाना

Ankit
2 Min Read


(फोटो के साथ)


अबुजा, 17 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नाइजीरिया की अपनी पहली यात्रा पूरी करने के बाद जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील रवाना हो गए।

यहां उन्होंने राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और भारतीय समुदाय से संवाद किया।

मोदी रविवार तड़के नाइजीरिया की राजधानी पहुंचे थे। पिछले 17 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नाइजीरिया यात्रा थी।

यात्रा समाप्त करने के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सार्थक यात्रा के लिए नाइजीरिया को धन्यवाद। यह यात्रा भारत-नाइजीरिया मित्रता को मजबूती और प्रोत्साहन देगी।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नाइजीरिया के अबुजा की सार्थक यात्रा समाप्त की।”

यात्रा के दौरान मोदी को नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर’ (जीसीओएन) से सम्मानित किया गया। वह यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति बन गए। इससे पहले 1969 में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ को यह सम्मान दिया गया था।

मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत नाइजीरिया में थे। उनका अंतिम गंतव्य गुयाना होगा।

रियो डी जेनेरियो में 18-19 नवंबर को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं में मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल हैं।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *