डाकार, 13 फरवरी (एपी) कांगो के पूर्वी क्षेत्र में हथियारबंद व्यक्तियों ने सैकड़ों बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया और बड़ी संख्या में बच्चों को बाल सैनिकों के रूप में भर्ती किया। संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
खनिज से समृद्ध इस क्षेत्र में हाल के सप्ताह में संघर्ष और ज्यादा बढ़ गया है।
यूनिसेफ की कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें उत्तर और दक्षिण किवु प्रांत में संघर्ष का सामना कर रहे लोगों द्वारा बच्चों के साथ किए गए गंभीर उल्लंघनों की भयावह जानकारियां मिली हैं, जिनमें दुष्कर्म और अन्य प्रकार की यौन हिंसा की शिकायतें शामिल हैं। हाल के वर्षों में हमने पहले कभी यह स्तर नहीं देखा था।’’
रसेल ने कहा, ‘‘एक मां ने हमारे कर्मचारियों को बताया कि कैसे उसकी छह बेटियों में से सबसे छोटी बेटी (12) के साथ हथियारबंद व्यक्तियों ने बलात्कार किया।’’
कांगो गणराज्य में यूनिसेफ की संचार प्रमुख लियान ने एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े लोगों ने 27 जनवरी से दो फरवरी के बीच दुष्कर्म के 572 मामलों की सूचना दी, जो पिछले सप्ताह की तुलना में पांच गुना अधिक हैं।
एपी प्रीति पारुल
पारुल