दूसरे चरण में 38 सीट के लिए मतदान प्रारंभ |

Ankit
2 Min Read


रांची, 20 नवंबर (भाषा) झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 38 सीट के लिए बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रारंभ हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


राज्य के 12 जिलों में 14,218 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ और यह शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि 31 मतदान केंद्रों पर मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा, हालांकि उस समय तक कतार में खड़े लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

कुल 1.23 करोड़ मतदाता अपने मताधिकारों का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें 60.79 लाख महिलाएं और 147 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अमर कुमार बाउरी सहित कुल 528 उम्मीदवार दूसरे चरण में अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं।

इन 38 विधानसभा सीट में से 18 निर्वाचन क्षेत्र संथाल परगना क्षेत्र में हैं, जिसमें छह जिले – गोड्डा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने बताया कि कुल 14,218 मतदान केंद्रों में से 239 पर मतदान प्रक्रिया की संपूर्ण जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है और 22 पर दिव्यांगजनों को तैनात किया गया है।

पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को हुआ था और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

भाषा शोभना सुरभि

सुरभि

सुरभि



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *