दुनिया के कई देशों में हो गया नए साल का आगाज |

Ankit
3 Min Read


वेलिंगटन (न्यूजीलैंड), 31 दिसंबर (एपी) न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया समेत विभिन्न देशों में लोगों ने 2025 का स्वागत शुरू कर दिया है।


न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में साल 2025 ने सबसे पहले दस्तक दी है। इस दौरान लोगों ने देश के सबसे ऊंचे स्काई टॉवर से रंग-बिरंगी आतिशबाजी व अन्य स्थान पर आयोजित लाइट शो का लुत्फ उठाया।

दक्षिण प्रशांत महासागर के देशों में नए साल का सबसे पहले आगाज होता है। दुनिया भर के अन्य शहर स्थानीय संस्कृतियों और परंपराओं के साथ नए साल का स्वागत करने को तैयार हैं।

ऑस्ट्रेलिया में, पारंपरिक आतिशबाजी के लिए सिडनी हार्बर में 10 लाख से ज्यादा लोग एकत्र हुए। ब्रिटिश पॉप गायक रॉबी विलियम्स ने यहां प्रस्तुति दी।

एशिया के देशों में भी नए साल के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। देश के सबसे बड़े उत्सव से पहले जापान का ज्यादातर हिस्सा बंद हो गया है।

दक्षिण कोरिया में रविवार को जेजू एयर के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राष्ट्रीय शोक की अवधि के कारण कई समारोहों को रद्द कर दिया गया। विमान हादसे में 179 लोग मारे गए थे।

थाईलैंड के बैंकॉक में दो प्रमुख शॉपिंग मॉल में संगीत कार्यक्रमों और आतिशबाजी शो के जरिए भीड़ जुटाने की होड़ मची रही। चीन और रूस में भी तैयारियां की गई हैं।

इजराइल में नए साल का जश्न फीका रहने की संभावना है क्योंकि हमास के साथ उसका युद्ध 15वें महीने में प्रवेश कर चुका है और कई बंधक अब भी कैद में हैं।

संघर्ष से तबाह लेबनान व गाजा में लोगों को नए साल से कोई उम्मीद नहीं है। वहीं, राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से बेदखल करने के बाद सीरियाई लोग आने वाले वर्ष के लिए आशा के साथ अनिश्चितता भी व्यक्त कर रहे हैं।

दुबई में, दुनिया की सबसे ऊंची गगनचुंबी इमारत बुर्ज खलीफा में होने वाले वार्षिक आतिशबाजी शो में हज़ारों लोग इकट्ठा हुए हैं।

ब्रिटेन, फ्रांस, अमेरिका में भी लोग उत्साह के साथ नए साल का इंतजार कर रहे हैं।

एपी आशीष अविनाश

अविनाश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *