दिल्ली विधानसभा चुनाव महाभारत जैसा ‘धर्मयुद्ध’ : केजरीवाल |

Ankit
3 Min Read


नयी दिल्ली, 17 नवंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव की तुलना एक ‘धर्मयुद्ध’ से की और कहा कि यह महाभारत की तरह एक ‘धर्मयुद्ध’ है।


दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगने साल फरवरी में होने की संभावना है।

केजरीवाल ने चांदनी चौक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दैवीय शक्तियां आम आदमी पार्टी के पक्ष में हैं। उन्होंने दिल्ली नगर निगम महापौर चुनाव में पार्टी की जीत का हवाला दिया।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, ‘‘दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ‘धर्मयुद्ध’ की तरह है। उनके पास कौरवों की तरह अपार धन और शक्ति है, लेकिन भगवान और लोग हमारे साथ हैं, जैसा कि पांडवों के साथ था।’

उन्होंने आप कार्यकर्ताओं से कहा कि वे चुनाव में खड़े होने वाले पार्टी उम्मीदवार की ओर न देखें। उन्होंने कहा, ‘‘आपको ऐसे काम करना चाहिए जैसे मैं (दिल्ली में) सभी 70 सीट पर चुनाव लड़ रहा हूं।’’

केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं अपने किसी रिश्तेदार, परिचित या मित्र को टिकट नहीं दूंगा।’’

उन्होंने अधिकारियों को आप की उपलब्धियों की याद दिलाते हुए दिल्ली की कॉलोनियों में 10,000 किलोमीटर सड़कें बनाने का श्रेय लिया और कहा कि भाजपा उन 20 राज्यों में भी इस उपलब्धि की बराबरी नहीं कर सकती जहां वह सत्ता में है।

आप प्रमुख केजरीवाल ने कहा, ‘हम छह मुफ्त रेवड़ियां दे रहे हैं – बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, तीर्थयात्रा और महिलाओं के लिए बस यात्रा। इन सुविधाओं को बंद करने के लिए भाजपा दिल्ली में सत्ता हथियाना चाहती है।’

उन्होंने कहा, ‘भाजपा को हमें बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों में दिल्ली के लोगों के लिए क्या किया है और लोगों को उसे वोट क्यों देना चाहिए?’

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘हम सीमित संसाधनों वाली एक छोटी पार्टी हैं। भाजपा के पास अपार धन और शक्ति है, लेकिन उन्होंने दिल्ली के लोगों के लिए कभी कुछ नहीं किया क्योंकि उनमें सेवा करने की इच्छाशक्ति का अभाव है।’

भाषा शुभम अमित

अमित



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *