नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने वर्ष 2027 तक राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक परिवहन में सिर्फ इलेक्ट्रिक बसों का ही इस्तेमाल करने की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने यहां इस योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले महीने से 1,000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों को परिवहन बेड़े में शामिल किया जाएगा।
सिंह ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन वाली इलेक्ट्रिक बसें नौ मीटर और 12 मीटर लंबाई वाली होंगी।
केंद्रशासित प्रदेश की सरकार ने वर्ष 2027 तक सार्वजनिक बसों के समूचे बेड़े को इलेक्ट्रिक बसों में तब्दील करने का लक्ष्य रखा है।
परिवहन मंत्री ने कहा, ‘‘दिल्ली स्वच्छ एवं टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठा रही है। हमारा संकल्प दिल्ली को भारत की ईवी राजधानी बनाने का है। चरणबद्ध बदलाव के साथ हम सही दिशा में कदम उठा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बस यात्रियों को असुविधा पहुंचाए बगैर निर्बाध परिवहन सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग को युक्तिसंगत बनाने और बेहतर बुनियादी ढांचे पर भी ध्यान दे रही है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय