दिल्ली और पंजाब में तापमान गिरा, कश्मीर में ठंड से मामूली राहत

Ankit
6 Min Read


नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (भाषा) उत्तर और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में रविवार को ठंड की स्थिति जारी रही और दिल्ली, पंजाब तथा राजस्थान में पारा कई डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया।


कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में न्यूनतम तापमान बढ़ने से भीषण ठंड से कुछ राहत मिली। कश्मीर के लिए राहत अल्पकालिक होने की संभावना है क्योंकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिन में घाटी के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का पूर्वानुमान जताया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है लेकिन शीत लहर की स्थिति नहीं बनी है।

आईएमडी ने कहा कि रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में मध्यम कोहरे का पूर्वानुमान लगाया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः पांच डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

इसने कहा कि पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी रहा और फरीदकोट क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के गुरदासपुर और बठिंडा में भी रात सर्द रही। गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और बठिंडा में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर में यह 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसने कहा कि लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में पारा 3.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भिवानी में भी कड़ाके की ठंड जारी है जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि रोहतक में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री और अंबाला में 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा और पंजाब की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की वृद्धि हुई, जबकि मौसम शुष्क रहने के कारण निचली पहाड़ियों में शीतलहर की स्थिति बनी रही।

प्रदेश में रात के समय ताबो का तापमान शून्य से 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और शिमला 12.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जो सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक था।

कुफरी और नरकंडा के निकटवर्ती रिसॉर्ट्स में न्यूनतम तापमान क्रमशः 9.8 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऊना में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस और सुंदरनगर में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

स्थानीय मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार तक निचली पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर को लेकर ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है और अगले सात दिन तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और कांगड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। दिन के दौरान सोलन 24.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, उसके बाद शिमला का तामपान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से कश्मीर में शीतलहर से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि यह हिमांक बिंदु से नीचे बना हुआ है।

इसने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात के माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस से बेहतर है।

इसमें कहा गया कि स्कीइंग के लिए लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो लगभग चार डिग्री की वृद्धि दर्शाता है।

मौसम विभाग के अनुसार, वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में तीन डिग्री अधिक था।

पंपोर शहर के बाहरी इलाके में स्थित कोनीबाल घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में 3.7 डिग्री सेल्सियस और दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 21 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

हालांकि, अगले तीन दिन के दौरान घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने तथा कई स्थानों पर शीतलहर चलने का अनुमान है।

भाषा संतोष नेत्रपाल

नेत्रपाल



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *