झारखंड के मुख्यमंत्री ने मणिपुर का जिक्र करके महिलाओं के मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा

Ankit
2 Min Read


दुमका/रांची (झारखंड), 18 नवंबर (भाषा) झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मणिपुर की स्थिति का जिक्र करते हुए सोमवार को महिलाओं के मुद्दे को लेकर भाजपा पर पलटवार किया।


प्रचार के आखिरी दिन दुमका और रांची में रैलियों को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने कहा, “वे (भाजपा नेता) हमारे लोगों की दुर्दशा के बारे में क्या जानते हैं? वे रोटी, बेटी और माटी की बात क्यों कर रहे हैं?”

भाजपा का दावा है कि झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है, जो कथित तौर पर झारखंड की आदिवासी महिलाओं से शादी करके उनकी जमीन हड़प रहे हैं।

सोरेन ने आरोप लगाया, “असम के मुख्यमंत्री (हिमंत विश्व शर्मा) को मणिपुर में जो हो रहा है, उसके बारे में बोलना चाहिए। वहां आदिवासी महिलाओं को सड़कों पर नंगा दौड़ाया जा रहा है और हर दिन दंगे हो रहे हैं। और वे बेटी के बारे में सवाल उठा रहे हैं!”

मणिपुर में पिछले वर्ष मई से दो जातीय समूहों के बीच हिंसा जारी है और एक पक्ष की कई महिलाओं को दूसरे पक्ष द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किया गया।

सोरेन ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र के लिए है और यह जाति एवं धर्म से ऊपर है। उन्होंने यह बात भाजपा के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कही कि यह चुनाव ‘हिंदू गौरव’ के लिए है।

इससे पहले दिन में झारखंड में भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने एक रैली में दावा किया, “यह चुनाव गरीबों, महिलाओं और युवाओं के अलावा हिंदू गौरव एवं सुरक्षा के लिए है।”

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *