जिरीबाम में तीन शव मिलने के बाद इंफाल घाटी में लोगों ने किया प्रदर्शन

Ankit
2 Min Read


इंफाल, 16 नवंबर (भाषा) मणिपुर के जिरीबाम जिले में तीन लोगों के शव बरामद होने के बाद इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया।


मणिपुर-असम सीमा पर जिरी नदी एवं बराक नदी के संगम के पास तीन शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों को संदेह है कि ये शव जिरीबाम जिले से लापता हुए छह लोगों में से तीन के हैं।

पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों में अधिकतर महिलाएं थीं। उन्होंने इंफाल पश्चिम जिले के क्वाकेथेल क्षेत्र और सागोलबंद तेरा में वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए टायर जलाकर मुख्य सड़कों को अवरूद्ध कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मणिपुर के मुख्य बाजार ख्वाइरामबंद में महिला विक्रेताओं ने इस घटना के विरोध में रैली निकाली, जबकि इंफाल में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

जिरीबाम में तीन शवों के बरामद होने की खबर जैसे ही फैली तो लोगों ने दुकानें और बाजार बंद कर दिए।

बिष्णुपुर जिले के निंगथौखोंग और इंफाल पूर्व जिले के लामलोंग में भी स्थानीय लोगों ने इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया।

राज्य सरकार ने पहले ही शनिवार को स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मणिपुर-असम सीमा पर जिरी नदी एवं बराक नदी के संगम के पास शुक्रवार रात एक महिला और दो बच्चों के शव बरामद किए गए। ऐसा संदेह है कि ये शव जिरीबाम जिले से लापता छह लोगों में से तीन के हैं।

इन तीन शवों को असम के सिलचर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एसएचसीएच) लाया गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया।

जिरीबाम जिले में सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच सोमवार को मुठभेड़ हुई थी जिसके बाद से राहत शिविर में रहने वाली तीन महिलाएं और तीन बच्चे लापता हो गए थे। मेइती संगठनों ने आरोप लगाया था कि भागते वक्त उग्रवादियों ने ही उनका अपहरण किया है वहीं पुलिस ने कहा था कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

भाषा प्रीति शोभना

शोभना



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *