रायपुर, 11 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ में मंगलवार को नगर निकायों के लिए हुए मतदान में 72.19 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर नगर निगमों सहित 173 नगर निकायों में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि राज्य के 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों में हुए मतदान में 72.19 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुआ। राज्य के कोरिया जिले में सबसे अधिक 84.97 फीसदी, बिलासपुर जिले में सबसे कम 51.37 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने बताया कि सुकमा और दुर्ग नगर निकायों के पांच वार्डों के उपचुनाव के लिए भी मतदान हुआ।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रही। मतदान दल अपने-अपने क्षेत्रों में ईवीएम जमा करने के लिए स्ट्रांग रूम में लौटना शुरू हो गए हैं।’’
इस चुनाव में नगर निकायों के 10 हजार से अधिक उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। हालांकि, बड़ी संख्या में निर्दलीय और बागी उम्मीदवार राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवारों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। राज्य के नगर निकायों में कुल 44,90,360 मतदाता हैं, जिनमें 22,08,625 पुरुष, 22,81,226 महिलाएं तथा 509 थर्ड जेंडर शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के लिए कुल 5,970 मतदान केंद्र बनाए गए थे। वहीं उपचुनाव के लिए बीस मतदान केंद्र बनाए गए थे।
रायपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा की मीनल चौबे और कांग्रेस की दीप्ति दुबे के बीच मुकाबला है। दीप्ति दुबे पूर्व महापौर प्रमोद दुबे की पत्नी हैं।
वहीं राजनांदगांव नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को कांग्रेस के निखिल द्विवेदी के खिलाफ मैदान में उतारा है।
अंबिकापुर नगर निगम में महापौर पद के लिए कांग्रेस के डॉ. अजय टिर्की और भाजपा की मंजूषा भगत के बीच मुकाबला है।
भाषा संजीव खारी
खारी