नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार लंबे समय तक नहीं टिक सकती, क्योंकि राज्य में भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति आम बात हो गई है।
कर्नाटक स्टेट कॉंट्रेक्टर्स एसोसिएशन (केएससीए) ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और दो अन्य वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों के कार्यालयों में ‘‘दलाल’’ सक्रिय हैं। केएससीए ने आरोप लगाया कि राज्य में कमीशनखोरी अब पूर्ववर्ती भाजपा सरकार से भी अधिक हो गई है।
आरोपों का जवाब देते हुए, उपमुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कहा कि अगर किसी ने ठेकेदारों से उनके बिल का भुगतान करने के लिए कमीशन मांगा है, तो उन्हें लोकायुक्त के पास शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रत्यूष कंठ ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में, इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कर्नाटक में संगठित तरीके से हो रहा भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपने भ्रष्टाचार को संस्थागत बना दिया है। केवल बड़े ठेकेदारों के बिल ही मंजूर हो रहे हैं। मध्यम और छोटे संघर्ष कर रहे हैं।’’
कंठ ने कहा कि कांग्रेस ने राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान ‘‘बहुत सी चीजों’’ का वादा किया था, लेकिन राज्य में पार्टी के शासन में ‘‘घोटाले, रिश्वतखोरी और पक्षपात आम बात हो गई है।’’
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में ‘‘पानी और बिजली के बिल’’ का संकट जारी है, वहीं नयी गाड़ियों पर पथ कर और बस किराये में बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘वहां आम लोग त्रस्त हैं… यह भ्रष्ट सरकार लंबे समय तक नहीं टिकने वाली है। कर्नाटक में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की राहुल गांधी की परियोजना कभी सफल नहीं होने वाली है।’’
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के आर्थिक सलाहकार बसवराज रायरेड्डी द्वारा हाल में की गई कथित टिप्पणी का हवाला देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि (राज्य की) सत्ता में बैठे लोग अब कह रहे हैं कि प्रदेश भ्रष्टाचार में नंबर एक बन गया है।
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश