त्रिशूर (केरल), 12 अप्रैल (भाषा) भगवान कृष्ण की पेंटिंग के लिए मशहूर एक कलाकार पर प्रसिद्ध गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर परिसर का कथित रूप से वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने के बाद मामला दर्ज किया गया है। कलाकार पर उच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पड़ोसी कोझिकोड जिले के कोइलांडी की जसना सलीम ने भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की सैकड़ों पेंटिंग बनाई हैं, जिन्हें केरल और राज्य के बाहर लोगों ने खूब सराहा है।
गुरुवायुर मंदिर पुलिस के अनुसार, महिला ने हाल में मंदिर के पूर्वी प्रवेश द्वार पर प्रसाद पेटी के ऊपर रखी भगवान कृष्ण की मूर्ति को माला पहनाने के बाद एक वीडियो बनाया था।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जाने लगा, मंदिर के अधिकारियों ने पुलिस से शिकायत की और 10 मार्च को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कहा कि महिला कलाकार ने उच्च न्यायालय के उस हालिया फैसले का उल्लंघन किया है, जिसमें मंदिर परिसर में इस तरह के वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया मंच पर साझा करने को अस्वीकार्य माना गया था।
पुलिस ने बताया कि जसना पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) भी शामिल है।
जसना पहले भी विवादों में रही हैं, जब उन्होंने गुरुवायुर मंदिर परिसर के पास केक काटा और उसका वीडियो बनाने की कोशिश की।
भगवान कृष्ण की परम भक्त जसना ने पिछले साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की त्रिशूर यात्रा के दौरान उन्हें एक पेंटिंग भेंट की थी।
भाषा राजकुमार शफीक
शफीक