गाजियाबाद में पुत्रवधू की हत्या की आरोपी महिला कैदी की मौत

Ankit
2 Min Read


गाजियाबाद (उप्र), 15 नवंबर (भाषा) गाजियाबाद की जिला जेल डासना में बंद एक महिला कैदी की संयुक्त जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।


पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार, शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे महिला कैदी की मौत हुई। सीने में दर्द की वजह से उसे संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि महिला कैदी की पहचान लोनी के अशोक विहार कॉलोनी की शाहजहां बेगम (70) के रूप में हुई है। बृहस्पतिवार को उसे सीने में दर्द हुआ था, जिसके चलते उसे कल सुबह 10 बजे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह दो वर्ष पूर्व अपनी पुत्रवधू की हत्या के आरोप में जेल में बंद थी। कल देर रात उसकी मौत हो गयी।

मौर्य ने बताया कि शाहजहां बेगम की पुत्रवधू के पिता ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी हिना (25) को उसकी सास और पति ने गर्भावस्था के दौरान मार डाला। शिकायत में कहा गया था कि हिना की सास शाहजहां बेगम और पति अमजद खान उसे पर्याप्त दहेज न लाने के कारण प्रताड़ित कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि 13 अगस्त 2022 को हिना की मौत के बाद उसके पिता ने लोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई और 16 अगस्त 2022 को शाहजहां बेगम को दहेज हत्या और उत्पीड़न समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था और अदालत ने उसे जेल भेज दिया था।

एसीपी ने बताया कि महिला कैदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।

भाषा सं आनन्द आशीष

आशीष



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *