खेल प्रतिभाओं को निखारने, वैश्विक स्तर पर गौरव दिलाने के लिए प्रतिबद्ध: भारतीय सेना |

Ankit
3 Min Read


नयी दिल्ली, तीन जनवरी (भाषा) सरकार द्वारा देश में विभिन्न प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों के लिए चुने गए खिलाड़ियों के नामों की घोषणा करने के एक दिन बाद भारतीय सेना ने शुक्रवार को देश को वैश्विक खेल क्षेत्र में गौरवान्वित करने के लिए खेल में प्रतिभा को निखारने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


  सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक विजेता सूबेदार होकातो एच सेमा और नायक गजेंद्र सिंह की पत्नी सिमरन को अर्जुन पुरस्कार विजेताओं की सूची में जगह बनाने के लिए बधाई दी।

खेल मंत्रालय द्वारा बृहस्पतिवार को घोषित मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के चार विजेताओं में दोहरे ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और शतरंज विश्व चैंपियन डी गुकेश शामिल है। इस सूची में 32 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं में से अभूतपूर्व 17 पैरा खिलाड़ी को भी शामिल किया गया है।

सेना ने लिखा, ‘‘ पेरिस पैरालंपिक 2024 में ‘सिटिंग शॉटपुट (एफ-57 श्रेणी)’ में कांस्य पदक विजेता सूबेदार होकातो एच सेमा ने पैरा एशियाई खेल 2022 में भी कांस्य पदक जीता है और उनके नाम राष्ट्रीय पैरा प्रतियोगिता के तीन रजत पदक हैं।’’

सिमरन ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में महिलाओं की 200 मीटर (टी-12 श्रेणी) में कांस्य पदक जीता और महिलाओं की 100 मीटर (टी-12) में चौथे स्थान पर रही। उन्होंने इसी श्रेणी में विश्व पैरा चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक भी हासिल किया है। वह इस वर्ग में 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में पैरा राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता है।

सेना ने कहा, ‘‘दृढ़ता और समर्पण के माध्यम से उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों ने देश को गौरवान्वित किया है और अनगिनत अन्य लोगों को सभी बाधाओं के बावजूद उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया है। भारतीय सेना देश को वैश्विक खेल क्षेत्र में गौरवान्वित करने के लिए खेलों में प्रतिभा का पोषण करने के लिए प्रतिबद्ध है।’’

खेल मंत्रालय द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘पुरस्कार विजेता 17 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में विशेष रूप से आयोजित समारोह में भारत के राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त करेंगे।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *