केजरीवाल ने नयी दिल्ली सीट से लड़ने की घोषणा की |

Ankit
4 Min Read


नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपना निर्वाचन क्षेत्र बदलने की अटकलों के बीच शुक्रवार को घोषणा की है कि वह आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में नयी दिल्ली सीट से ही चुनाव लड़ेंगे।


केजरीवाल ने कहा कि नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला ‘मुख्यमंत्री पुत्रों’ और आम आदमी के बीच होगा।

नयी दिल्ली सीट से कांग्रेस ने तीन बार मुख्यमंत्री रहीं दिवंगत नेता शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे परवेश वर्मा को उनके खिलाफ मैदान में उतार सकती है।

यहां ‘एजेंडा आजतक’ कार्यक्रम में बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी किसी अन्य सीट पर नहीं जाएंगी और अपने कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी।

जब उनसे सीट बदलने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘कोई बदलाव नहीं होगा। मैं नयी दिल्ली सीट से और मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी से चुनाव लड़ेंगी।’’

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) उनके नाम पर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही है और दावा किया कि उनकी पार्टी अच्छे जनादेश के साथ चौथी बार सत्ता में आएगी।

केजरीवाल ने कहा, ‘‘यह चुनाव केजरीवाल के नाम पर लड़ा जा रहा है और मैं दिल्ली का मुख्यमंत्री बनूंगा।’’

मुख्यमंत्री के रूप में ‘शीशमहल’ में रहने के विवाद और भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा कि उत्तरी दिल्ली में 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित बंगला दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में वहां रहता था। अगर कोई और दिल्ली का मुख्यमंत्री बनता है, तो वह वहां रहेगा। मैंने बंगला नहीं बनाया। इसे लोकनिर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बनाया था।’’ उन्होंने कहा कि जब वह एक कार्यकर्ता थे तो झुग्गी बस्ती में रहा करते थे।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ‘केजरीवाल हटाओ’ मिशन के साथ विधानसभा चुनाव लड़ रही है, जबकि मेरा मिशन ‘दिल्ली बचाओ’ है।

केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने जाने-माने शिक्षक अवध ओझा के पार्टी में शामिल होने के बाद खुद उन्हें अपनी पटपड़गंज सीट की पेशकश की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘यह उन दोनों के बीच एक समझ थी।’’ सिसोदिया अब जंगपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा का चुनाव सत्तारूढ़ आप और विपक्षी दलों भाजपा व कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के रूप में उभरता दिख रहा है।

यह पूछे जाने पर कि आप का कांग्रेस के साथ गठबंधन क्यों नहीं हुआ जबकि दोनों ही दलों ने ‘इंडिया’ गुट के घटक दल के रूप में इस साल के लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारा किया था के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि राज्य स्तर पर स्थितियां अलग हैं।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *