कांग्रेस के निर्वाचित प्रतिनिधियों को ईवीएम मुद्दे पर इस्तीफा दे देना चाहिए:भाजपा

Ankit
3 Min Read


नयी दिल्ली, 30 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने ईवीएम की विश्वसनीयता सहित चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के लिए शनिवार को कांग्रेस पर पलटवार किया और कहा कि उसके मुख्यमंत्रियों और राहुल गांधी जैसे अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों को इस्तीफा दे देना चाहिए और घोषणा करनी चाहिए कि वे मतपत्र से चुनाव होने पर ही इसमें भाग लेंगे।


भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा कि इस तरह का रुख उनके द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों पर उनके भरोसे को रेखांकित करेगा। उन्होंने कहा कि अन्यथा उनके आरोप खोखले शब्दों के अलावा कुछ नहीं हैं।

भाटिया ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अदालत का रुख भी करना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उच्चतम न्यायालय ने कई बार चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन(ईवीएम) की विश्वसनीयता की पुष्टि की है।

भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि वे उसी चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए हैं जिस पर विपक्षी पार्टी सवाल उठा रही है।

उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ईवीएम पर उस दिन सवाल उठाया जिस दिन प्रियंका गांधी वाद्रा ने लोकसभा सांसद के रूप में शपथ ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जल्द ही इतिहास के पन्नों तक सीमित हो जाएगी।

भाजपा प्रवक्ता ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाली घटनाओं के बारे में भारत सरकार के रुख का उल्लेख किया और विश्वास जताया कि भारत की मजबूत आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

भाटिया ने दावा किया कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के तौर पर भारत का यह कर्तव्य है कि जब अल्पसंख्यकों को कहीं भी उत्पीड़न का सामना करना पड़े तो वह अपनी आवाज उठाए।

भाजपा प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर दंगाइयों की ढाल बनने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी के सांसद और अन्य सदस्य शांति बहाली के लिए प्रतिबद्धता दिखाने के बजाय हिंसा भड़काने में शामिल हैं।

उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जब राज्य में उसकी सरकार थी तो अक्सर दंगे भड़कते थे और विपक्षी पार्टी को पुलिस पर भरोसा नहीं है।

भाजपा ने यह प्रतिक्रिया सपा अध्यक्ष यादव द्वारा भाजपा पर उत्तर प्रदेश के संभल में हिंसा की साजिश रचने का आरोप लगाने के बाद आई है। संभल में गत रविवार एक मस्जिद के अदालत के आदेश पर कराए जा रहे सर्वेक्षण का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हो गई थी।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *