एकनाथ शिंदे की भ्रष्ट सरकार ने शिवाजी महाराज को भी नहीं बख्शा: संजय सिंह |

Ankit
3 Min Read


मुंबई, नौ नवंबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महायुति सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है, जिसने छत्रपति शिवाजी महाराज को भी नहीं बख्शा।


आप के सांसद ने सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में शिवाजी की प्रतिमा के ढहने का उल्लेख करते हुए यह टिप्पणी की।

सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महायुति सरकार पर भारी अक्षमता और सर्वव्यापी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 20 नवंबर को होने वाला महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रही है, लेकिन पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा को हराने के लिए महा विकास आघाडी के साथ मिलकर काम कर रहा है।

आप नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर महाराष्ट्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया और दावा किया कि राज्य के लिए निर्धारित दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं गुजरात में स्थानांतरित कर दी गई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘नरेन्द्र मोदी महाराष्ट्र के साथ वैसा ही व्यवहार कर रहे हैं जैसा सौतेली मां अपने सौतेले बच्चे के साथ करती है। आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री को याद दिलाना चाहती है कि वे महाराष्ट्र जैसे राज्यों सहित पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। महाराष्ट्र के लिए निर्धारित लगभग 2 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं गुजरात ले जाई गईं। ’’

उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी संकट के कारण कई युवा आत्महत्या कर रहे हैं और जनादेश के जरिए सरकार को हटाने की मांग की।

सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार महाराष्ट्र विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार इतना व्याप्त है कि छत्रपति शिवाजी महाराज को भी नहीं बख्शा गया और भ्रष्टाचार के कारण ही उनकी प्रतिमा ढह गई।

महाराष्ट्र में चुनावी रैलियों में मोदी की ‘‘एक हैं तो सेफ हैं’’ वाली टिप्पणी पर आप नेता ने कहा, ‘‘दस साल तक प्रधानमंत्री रहने के बाद वह कह रहे हैं कि हम सुरक्षित नहीं हैं… इतने वर्षों तक वह क्या कर रहे थे? ’’

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *