उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में तेंदुए ने 10 लोगों को घायल किया, वनकर्मियों ने पकड़ा

Ankit
2 Min Read


फर्रुखाबाद, नौ दिसंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक तेंदुए के हमले में तीन वनकर्मियों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए और सोमवार को उसे पकड़कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया यह घटना मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के नूरपुर जसमई गांव के पास रविवार की है जब तेंदुए ने ग्रामीणों और वनकर्मियों पर हमला कर दिया जिसमें 10 लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर को कानपुर से बुलाई गई वन विभाग की टीम ने चार घंटे के अभियान के बाद तेंदुए को पकड़ लिया।

प्रभागीय वन अधिकारी प्रत्यूष कटियार ने बताया कि आखिरी बार पटपरागंज, मट्टा की मड़ैया और बाबा नगला गांवों के बीच एक सूखे झाड़ीदार पेड़ के पास तेंदुए को देखा गया था जिसके बाद ड्रोन कैमरे की मदद से उसका पता लगाया गया।

उन्होंने बताया कि उसे दो ट्रैंकुलाइजर (बेहोश किया जाना) दिए गए और करीब एक घंटे बाद उसे बेहोशी की हालत में पिंजरे में कैद किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान तेंदुए ने दो वन निरीक्षकों और दो गार्डों को घायल कर दिया, जिनका उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तेंदुए के व्यवहार का विश्लेषण किया जाएगा और अगर उसे इंसानों के लिए खतरा माना जाता है तो उसे चिड़ियाघर में रखा जाएगा, अन्यथा जंगल में छोड़ दिया जाएगा।

भाषा सं सलीम खारी

खारी



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *