आप विधायक ने भाजपा द्वारा लगाए गए जबरन वसूली के आरोपों का खंडन किया

Ankit
3 Min Read


नयी दिल्ली, 30 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल हैं और सवाल किया कि उनकी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की।


वहीं आप विधायक ने भाजपा के आरोपों का खंडन किया और कहा कि वह उन लोगों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराएंगे जो उनके बारे में ‘झूठ फैलाते हैं’।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया और पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए गैंगस्टर के साथ ‘आप’ विधायक की कथित बातचीत का एक ऑडियो क्लिप भी सुनाया।

भाटिया ने आरोप लगाया कि आप लोगों को धमकाने और उनसे पैसे ऐंठने में शामिल है। उन्होंने पूछा कि क्या केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करेंगे और उनसे इस्तीफा मांगेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘यदि वे उनका इस्तीफा नहीं मांगते हैं तो यह माना जाएगा कि जबरन वसूली का पैसा पार्टी और उसके नेताओं के पास जा रहा है।’

अपने खिलाफ लगे आरोपों को खारिज करते हुए उत्तम नगर से विधायक बालियान ने कहा, ‘मैं उन सभी लोगों को नोटिस भेज रहा हूं जिन्होंने झूठी क्लिप फैलाई है और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवा रहा हूं। याद रखिए, मैं कांग्रेसी नहीं हूं। झूठ फैलाने वालों को कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।’

भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने भी ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में ‘आप’ प्रमुख पर निशाना साधा।

मालवीय ने कहा, “अरविंद केजरीवाल दिल्ली में जबरन वसूली का नेटवर्क चला रहे हैं और फिर खराब कानून व्यवस्था के लिए भाजपा को दोषी ठहराते हैं।”

उन्होंने कहा, “…‘आप’ ने दिल्ली को भ्रष्टाचार के दलदल में तब्दील कर दिया है।”

‘आप’ के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया और दावा किया कि ऑडियो क्लिप ‘फर्जी’ है।

सिंह ने कहा, “अरविंद केजरीवाल दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इन अपराधों को रोकने के बजाय भाजपा और अमित शाह केजरीवाल को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे नेता को रोकने के लिए, वे अब एक फर्जी ऑडियो क्लिप चला रहे हैं।”

‘आप’ दिल्ली में कथित तौर पर बढ़ते अपराधों को लेकर केंद्र और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साध रही है, जिसके बीच भाजपा ने यह आरोप लगाया है।

‘आप’ ने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्रीय गृहमंत्री ने दिल्ली को ‘गैंगस्टर कैपिटल’ में बदल दिया है।

भाषा शुभम रंजन

रंजन



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *