आंतरिक और बाहरी षड्यंत्रों के बावजूद पाकिस्तान आगे बढ़ता रहेगा: राष्ट्रपति |

Ankit
2 Min Read


(सज्जाद हुसैन)


इस्लामाबाद, 23 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने रविवार को कहा कि उनका देश आंतरिक और बाहरी साजिशों के बावजूद आगे बढ़ता रहेगा।

ऐवान-ए-सद्र (राष्ट्रपति भवन) में पाकिस्तान दिवस सैन्य परेड को संबोधित करते हुए जरदारी ने राष्ट्र को बधाई दी और कहा कि पाकिस्तान का उद्देश्य ऐसे कल्याणकारी राज्य (देश) की स्थापना करना था जहां कानून का शासन सर्वोच्च हो।

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान कई बलिदानों के बाद हासिल हुआ था और हम इसे सुरक्षित रखने के लिए किसी भी कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे।’’

उन्होंने कहा कि एक मजबूत और दृढ़ राष्ट्र होने के नाते पाकिस्तान के पास चुनौतियों का सामना करने की क्षमता है और ‘‘हम आंतरिक और बाहरी साजिशों के बावजूद आगे बढ़ते रहेंगे।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने हमेशा पाकिस्तान पर बुरी नजर डालने की कोशिश की है तथा ‘फितना-ए-ख्वारज’ (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के आतंकवादी भी देश के लिए खतरा बने हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें बताना चाहते हैं कि पाकिस्तानी राष्ट्र और उसके सशस्त्र बल कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं तथा उनके नापाक मंसूबों को नाकाम कर देंगे।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान की विदेश नीति शांति और विकास पर आधारित है तथा वह शांति एवं समानता के आधार पर सभी पड़ोसियों के साथ शांतिपूर्ण संबंध बनाने के लिए तत्पर है।

जरदारी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कश्मीर के लोगों को संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के आलोक में अपना भविष्य तय करने में सहायता करने की अपील भी की।

पाकिस्तान दिवस 23 मार्च 1940 को पारित किये गये लाहौर प्रस्ताव की याद में हर साल 23 मार्च को मनाया जाता है। इस प्रस्ताव के माध्यम से मुस्लिम लीग ने उपमहाद्वीप के मुसलमानों के लिए एक अलग ‘होमलैंड’ की मांग की थी।

भाषा शोभना राजकुमार

राजकुमार



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *