अंतरिक्ष कानून 50 साल पुराने; ‘वाइल्ड वेस्ट’ बनने से रोकने के लिए नये कानूनों की जरूरत

Ankit
5 Min Read


(युकोंग वांग और बिन ली, न्यूकैसल विश्वविद्यालय)


न्यूकैसल, 20 मार्च (द कन्वरसेशन) वर्ष 2025 के पहले कुछ महीनों में, निजी उद्यम अंतरिक्ष मिशनों की झड़ी लग गई है। कुछ सफल रहे हैं, जैसे कि अमेरिकी कंपनी फायरफ्लाई एयरोस्पेस ने अपने अंतरिक्ष यान ‘ब्लू घोस्ट मिशन 1’ को चंद्रमा पर उतारा। यह निजी स्वामित्व वाले अंतरिक्ष यान की पहली सफल चंद्र लैंडिंग थी।

लेकिन हाल में कई असफलताएं भी सामने आई हैं। जनवरी और मार्च में टेक अरबपति एलन मस्क के स्पेसएक्स स्टारशिप रॉकेट के मामले से ज्यादा शानदार कोई नहीं रहा।

सिद्धांत रूप में, इन गतिविधियों को नियंत्रित करने वाले कई अंतरराष्ट्रीय कानून हैं। इनमें से ज्यादातर की स्थापना लगभग आधी सदी पहले हुई थी, जब अंतरिक्ष निजी कंपनियों की पहुंच में नहीं था, जो इसका अन्वेषण करने और इसके अप्रयुक्त संसाधनों का दोहन करने के लिए उत्सुक थीं।

अंतरिक्ष में होने वाली घटनाओं को नियंत्रित करने वाले कानूनों को अद्यतन करने की तत्काल आवश्यकता है, ताकि इसे एक तरह का ‘वाइल्ड वेस्ट’ बनने से रोका जा सके, जहां तकनीकी अरबपति और उनके स्वामित्व वाली कंपनियां बिना किसी जवाबदेही या परिणाम के अपनी मर्जी से काम कर सकती हैं।

शीत युद्ध जितने पुराने कानून

अंतरिक्ष गतिविधियां मुख्य रूप से संयुक्त राष्ट्र संधियों द्वारा नियंत्रित होती हैं। इनमें 1967 की बाह्य अंतरिक्ष संधि, 1972 की देयता संधि और 1979 का चंद्रमा समझौता शामिल हैं। लेकिन ये समझौते शीत युद्ध के दौरान बनाए गए थे।

निजी कंपनियां अब अंतरिक्ष में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। वे बहुत कम पैसे में अंतरिक्ष के आकर्षण को आम जनता तक पहुंचा सकती हैं। उदाहरण के लिए, पृथ्वी की परिक्रमा करने वाले लगभग 11,000 सक्रिय उपग्रहों में से अधिकांश निजी स्वामित्व वाले हैं। नासा अब विशेषज्ञता को जोड़ने और लागत बचाने के लिए कंपनियों के साथ साझेदारी पर निर्भर करता है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी भी यही करती है, जैसा कि अंतरिक्ष कार्यक्रम वाले 77 देशों में से कई करते हैं। एलन मस्क ने इस प्रवृत्ति का कुशलतापूर्वक लाभ उठाया है, जिससे स्पेसएक्स के लिए अमेरिका से 22.6 अरब अमेरिकी डॉलर का वित्तपोषण प्राप्त हुआ है।

राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसियां अधिक महत्वाकांक्षी उपक्रमों में कंपनी भागीदारों पर निर्भर रहना जारी रखेंगी। लेकिन जब चीजें गलत हो जाती हैं तो क्या होता है? अगर निजी कंपनियां दूसरों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, या खगोलीय पिंडों पर पर्यावरणीय नुकसान पहुंचाती हैं, तो उन्हें कैसे जवाबदेह ठहराया जा सकता है?

अंतरिक्ष यातायात

उपग्रहों, अंतरिक्ष यानों और अंतरिक्ष मलबे के बीच टकराव का खतरा बढ़ रहा है। और जब टकराव की चेतावनी के लिए कुछ तंत्र हैं, टकराव के जोखिम का आकलन करने के लिए कोई वैश्विक दृष्टिकोण नहीं है।

बाहरी अंतरिक्ष संधि कहती है कि देशों को अंतरिक्ष के संदूषण से बचना चाहिए। लेकिन यह विशेष रूप से संचित अंतरिक्ष मलबे की समस्या का समाधान नहीं करता।

इसके अलावा, संधि की भाषा अस्पष्ट है।

अंतरिक्ष में संसाधनों का मालिक कौन है?

यह संभावना कि मनुष्य खगोलीय वस्तुओं से खनिज संसाधनों को इकट्ठा करने और बेचने में सक्षम होंगे, वास्तविकता के करीब पहुंच रही है। प्रारंभिक ध्यान चंद्रमा पर है। लेकिन चंद्रमा पर संसाधनों का मालिक कौन है?

पृथ्वी से परे कोई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहमत संपत्ति अधिकार व्यवस्था नहीं है। अमेरिका अपने 2020 के ‘आर्टेमिस समझौते’ के माध्यम से अंतरिक्ष संसाधनों के निजी स्वामित्व को प्राप्त करने की कोशिश कर रहा है।

यह प्रयास अंतरिक्ष के निजीकरण को बड़ा बढ़ावा देता है। लेकिन यह ‘मानव जाति की साझा विरासत’ की अवधारणा के विपरीत है जो कि 1979 के चंद्रमा समझौते की आधारशिला है।

अब तक 53 देश अंतरिक्ष संसाधनों के निजी स्वामित्व को प्राप्त करने की कोशिश कर रहे हैं।

अब तक 53 देशों ने आर्टेमिस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। लेकिन केवल 17 देश ही चंद्रमा समझौते के पक्षकार हैं।

सुरक्षित और टिकाऊ अंतरिक्ष अन्वेषण

सुरक्षित और टिकाऊ वाणिज्यिक अंतरिक्ष यात्रा और चंद्र अन्वेषण सुनिश्चित करने के लिए अंतरिक्ष कानून विकसित किया जाना चाहिए।

चंद्रमा को किस तरह के नुकसान से बचाया जाना चाहिए और किसके द्वारा?

प्रभावित संस्थाओं के लिए मुआवजे की खातिर आवेदन करने का सबसे उपयुक्त तरीका क्या है? बाहरी अंतरिक्ष में बढ़ती यातायात मात्रा को प्रबंधित करने के लिए कौन से नियम होने चाहिए? संयुक्त मिशनों में अपने निजी इकाई भागीदारों की निगरानी को मजबूत करने के लिए देशों को कैसे प्रोत्साहित किया जा सकता है?

(द कन्वरसेशन) नरेश देवेंद्र

देवेंद्र



Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *